सोहना-तावडू मार्ग पर स्थित घाटी क्षेत्र की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना-तावडू मार्ग पर स्थित घाटी क्षेत्र में उस समय अफरातफरी मच गई, जब चलती पिकअप गाड़ी में अचानक आग लग गई। घटना में चालक बाल-बाल बच गया, जबकि अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार दोपहर करीब 2:30 बजे सोहना घाटी से गुजर रही सीएनजी चालित पिकअप गाड़ी में अचानक आग लग गई। चालक राजकमल निवासी गांव ग्वालका (जिला भिवाड़ी) ने बताया कि वह दिल्ली में सामान छोड़कर भिवाड़ी लौट रहा था। घाटी में ट्रैफिक जाम के कारण गाड़ी रुक-रुककर चल रही थी। इसी दौरान अचानक इंजन से धुआं और लपटें निकलने लगीं।
चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा किया और किसी तरह उतर गया। गाड़ी में रखा सामान सुरक्षित निकाल लिया। इसके बाद उसने घटना की सूचना सदर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अग्निशमन विभाग को बुलाया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
चालक राजकमल ने बताया कि आग लगने का कारण गैस पाइप में लीकेज था। ट्रैफिक जाम के कारण बार-बार रुकने से पाइप पर दबाव बढ़ गया और फटने के बाद गर्म इंजन के संपर्क में आने से आग भड़क उठी।