राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हयातपुर में सीएसआर फंड से बढ़ेंगी सुविधाएं
लघु सचिवालय में फोर्टिस हॉस्पिटल स्थापित करेगा चिकित्सा कक्ष
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। डीसी अजय कुमार ने बृहस्पतिवार को विभिन्न संस्थानों के साथ महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इसके जरिये विद्यार्थियों और नागरिकों को बेहतर शैक्षिक एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में डीसी अजय कुमार ने शिक्षा क्षेत्र में केनरा एचएसबीसी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड ने गुरुग्राम के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, हयातपुर में शिक्षण अवसंरचना को सुदृढ़ करने का एमओयू साइन किया। कंपनी विद्यालय में दो अतिरिक्त कक्षाओं का निर्माण करेगी। इसके साथ ही एक आधुनिक पुस्तकालय की स्थापना भी की जाएगी और विद्यालय को सौर ऊर्जा से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे।
स्वास्थ्य क्षेत्र में फोर्टिस अस्पताल के सहयोग से गुरुग्राम लघु सचिवालय में नर्सिंग रूम एवं चिकित्सा कक्ष स्थापित किया जाएगा। यह कक्ष सोमवार से शनिवार तक सुबह 10 बजे से सायं 5 बजे तक संचालित रहेगा। चिकित्सा कक्ष में कर्मचारियों एवं आगंतुकों को सामान्य स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिनमें महत्वपूर्ण अंगों की नियमित निगरानी जैसे तापमान, रक्तचाप, ऑक्सीजन स्तर और ब्लड शुगर की जांच शामिल होगी। इस अवसर पर हरियाणा सीएसआर ट्रस्ट के एडिशनल सीईओ गौरव सिंह सहित संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।