गुरुग्राम। मार्च की शुरुआत के साथ ही कोरोना की रफ्तार फिर से बढ़ने लगी है। रोजाना आने वाले नए मरीजों की संख्या इस बात को पुुष्ट कर रही है। इसी क्रम में बुधवार को इस माह में अब तक के एक दिन में सर्वाधिक 97 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई। वहीं, 75 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया। इसी के साथ अब सक्रिय मरीजों की संख्या में और भी इजाफा हो गया है। जिले में अब सक्रिय मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 635 हो गई है।
महज दो सप्ताह में ही सक्रिय मरीजों की संख्या दोगुनी से ज्यादा बड़ गई है। इसी के साथ मरीजों का कुल आंकड़ा बढ़कर 60,097 पर पहुंच चुका है, जिसमें से 59,102 संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 360 मरीजों की मौत हुई है। वहीं, 635 सक्रिय मरीजों में से 574 होम आइसोलेट हैं जबकि 61 संक्रमित अस्पतालों में उपचापराधीन हैं। इसमें से 59 का जिला कोविड हेल्थ सेंटर में इलाज चल रहा है जबकि एक-एक मरीज कोविड अस्पताल व कोविड केयर सेंटर में भर्ती हैं।
बढ़ाई गई जांच की संख्या
कोविड मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच की संख्या और बढ़ा दी है। पहले जहां रोजाना करीब 2 हजार से 2500 लोगों की जांच की जा रही थी। वहीं अब रोजाना 3500 से ज्यादा लोगों की जांच की जा रही है। बुधवार को 3626 लोगों की जांच की गई, जिसमें से 3433 की आरटी-पीसीआर व 193 लोगों की रैपिड एंटीजन किट के जरिये जांच हुई। इसी के साथ जिले में कोरोना जांच की संख्या अब बढ़कर 8 लाख 77 हजार 122 तक पहुंच चुकी है।