गुरुग्राम। मानसेर में एक पेईंग गेस्ट (पीजी) में रह रहे तीन युवकों का मोबाइल फोन चोरी हो गया। वारदात के समय तीनों अपने कमरे में सो रहे थे। सुबह नींद खुली तो देखा कि उनके फोन गायब हैं। आनन-फानन में पीजी में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की गई तो रात करीब 12 बजे से सुबह 6.45 तक के फुटेज गायब थे। पीड़ितों ने मामले की शिकायत मानेसर थाने में दी है। पुलिस शिकायत दर्ज करने के बाद जांच में जुटी है और पीजी मालिक से भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार गाजियाबाद निवासी हिमांशु जावला, नैनीताल निवासी भास्कर परगाई व आंध्रप्रदेश निवासी श्रीनिवासुलु सेक्टर-एक स्थित एक पीजी में रहते हैं। तीनों एक ही रूम में रहते हैं और निजी कंपनी में काम करते हैं। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ितों ने बताया है कि मंगलवार की रात तीनों खाना खाने के बाद अपने कमरे में सो गए। इस दौरान कमरे का दरवाजा भी बंद कर रखा था। पीड़ितों के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह आंख खुलने पर देखा कि तीनों के मोबाइल गायब हैं। इसके बाद पीजी में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की गई। उसमें भी रात करीब 12 बजे से सुबह 6.45 बजे तक का फुटेज गायब था। फिलहाल मानेसर थाने की पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पीजी में रह रहे अन्य व्यक्तियों के साथ पीजी मालिक से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही है।