संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। भारतीय जनता पार्टी के सोहना-तावडू विधानसभा क्षेत्र से विधायक तेजपाल तंवर शनिवार को क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले गांव ढिडारा स्थित श्याम गिरी गोशाला का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने हरियाणा गऊ सेवा आयोग से जारी अनुदान राशि गोशाला संचालक को सौंपी और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विधायक तंवर ने गोशाला संचालकों को सरकार की ओर से हर संभव सहयोग और अपनी तरफ से भी मदद का भरोसा दिलाया।
इसके बाद विधायक तंवर तावडू के सरकारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि उन्हें चिकित्सकों की अनुपस्थिति और लापरवाही की शिकायतें मिल रही थी, जिस पर उन्होंने खुद अस्पताल पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की स्थिति संतोषजनक और साफ-सफाई उचित पाई गई, हालांकि कुछ कमियां जरूर मिलीं। इन कमियों को लेकर विधायक ने अस्पताल के एसएमओ डॉ. निहाल सिंह सोलंकी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर तावडू भाजपा मंडल अध्यक्ष शिवम गर्ग ,तावडू अनाज मंडी प्रधान संजय गोयल, पार्षद धर्मेंद्र भारद्वाज, भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे।