अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। राजीव चौक के पास गुरुग्राम-सोहना रोड पर इस्लामपुर गांव के पास बुधवार की दोपहर करीब 2 बजे चलते कंक्रीट मिक्सर ट्रक में भीषण आग लग गई। ट्रक में आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए नीचे उतरकर अपनी जान बचाई। ट्रक में आग लगने की सूचना मिलते ही सेक्टर-29 फायर स्टेशन से एक दमकल गाड़ी मौके पर भेजी। दमकल टीम ने जब तक आग बुझाई, तब तक ट्रक का अगला हिस्सा जल चुका था।
बुधवार दोपहर करीब दो बजे गुरुग्राम-सोहना रोड पर इस्लामपुर गांव के पास से गुजर रहे कंक्रीट मिक्सर ट्रक में आग लग गई। चालक सौरव गुर्जर ने चलते ट्रक से धुआं व चिंगारियां उठती देखी तो वाहन को सड़क के बीच में ही रोक दिया व उससे नीचे उतर गया। आग ने देखते ही देखते ट्रक के अगले हिस्से को चपेट में ले लिया। ट्रक में आग लगने की सूचना फायर विभाग को दी गई, जिसके बाद सेक्टर-29 फायर स्टेशन से एक दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची और टीम ने पानी का छिड़काव करके आग पर काबू पाया। ट्रक में आग लगने के कारण सोहना रोड पर काफी समय तक यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंची। आग बुझने के बाद ट्रक को सड़क से हटवाया गया और यातायात को सुचारू कराया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। ट्रक में आग लगने के सही कारणों का पता नहीं लगा है।
वर्जन
जांच के बाद ही ट्रक में आग लगने के सही कारण का पता चल सकेगा। ट्रक की वायर में शार्ट सर्किट होने से आग लगने की संभावना है। मामले में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ है।
- नरेंद्र यादव, वरिष्ठ फायर अधिकारी, गुरुग्राम।