गुरुग्राम। शहर में हरियाली बढ़ाने व पर्यावरण संरक्षण के लिए नगर निगम विभिन्न पार्कों व ग्रीन बेल्ट का पुनर्निर्माण करेगा, जहां सौंदर्यीकरण के साथ ही जरूरत के मुताबिक नए निर्माण भी किए जाएंगे। इसी संदर्भ में शुक्रवार को वित्त एवं संविदा कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इसमें करोड़ों रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों पर मुहर लगी। इनमें पार्कों के साथ ही सड़क व सीवर से संबंधित कार्य भी शामिल हैं।
मेयर मधु आजाद ने कहा कि पार्कों में पौधों के लिए पानी की पर्याप्त व्यवस्था करने के लिए पार्कों में मिनी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाए जाएंगे। मेयर के निर्देश के मुताबिक जिन स्थानों पर गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) द्वारा एसटीपी ट्रीटेड पानी की पाइपलाइन बिछा दी गई हैं, वहां अब नगर निगम पानी पहुंचाने का काम करेगा। मेयर ने कहा कि भविष्य में विकास संबंधी सभी प्रस्ताव वित्त एवं संविदा कमेटी के माध्यम से ही मुख्यालय भेजे जाएंगे। उन्होंने निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य कराने का निर्देश दिया।
मेयर की अधिकारियों को फटकार
मेयर मधु आजाद ने कुछ अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि कुछ अधिकारियों की कार्यशैली से निगम पार्षद संतुष्ट नहीं हैं तथा उन्हें शिकायतें मिली हैं कि कुछ अधिकारी पार्षदों द्वारा बताए गए कार्यों को अहमियत नहीं दे रहे। निगम पार्षद जनहित से जुड़े कार्य ही अधिकारियों को बताते हैं तथा इनमें कोताही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
11 विकास कार्य स्वीकृत
वित्त एवं संविदा कमेटी की बैठक में 11 विकास कार्यों को स्वीकृत किया गया। बैठक में चार विकास कार्यों के लिए तैयार किए गए प्रस्तावों को भी प्रशासनिक स्वीकृति दी गई। इनमें वार्ड-15 में 14 पार्कों के निर्माण पर 1.79 करोड़ रुपये, सेक्टर-14 में सड़क के निर्माण के लिए 2.16 करोड़ रुपये, सेक्टर-23ए जन्मदिवस पार्क के पुनर्निर्माण के लिए 2.42 करोड़ रुपये तथा पेस सिटी-1 में सीवरेज कार्य के लिए 2 करोड़ रुपये के प्रस्ताव शामिल हैं।