गुरुग्राम। उमस भरे मौसम में शुक्रवार को शहर में बिजली कटौती ने लोगों को खूब रुलाया। कई कॉलोनियों में दिनभर में दो से तीन घंटे की कटौती रही। गर्मी से बेचैन लोग बिजली अधिकारियों को फोन लगाते रहे, लेकिन बिजली कर्मचारियों ने अपने पुराने ढर्रे से ही काम किया।
गंगा विहार कॉलोनी, मियांवाली कॉलोनी, सेक्टर-पांच, गुरुग्राम गांव, रोशनपुरा, जैकबपुरा, सेक्टर-चार, बसई रोड इलाके में कई बार बत्ती आई और गई। इन इलाकों में शाम तक दो से तीन घंटे की कटौती दर्ज की गई। जैकबपुरा के नरेश शर्मा ने बताया कि लाइन में फॉल्ट आने के बाद घंटों तक बिजली अधिकारी व कर्मचारी नहीं सुनते। अगर समय पर लाइन की मरम्मत हो जाए तो यह कटौती दो घंटे की जगह 15 से 20 तक सीमित हो सकती है। गंगा विहार के बलवीर सिंह ने बताया किया रोज सुबह व दोपहर के समय बिजली कटौती की जा रही है। अधिकारियों को फोन करते हैं तो वह कटौती का कोई स्पष्ट कारण नहीं बता पाते।
सिविल लाइन क्षेत्र में चार घंटे बिजली कटौती
शुक्रवार को पूरे शहर में बिजली कटौती में सिविल लाइन क्षेत्र सबसे आगे रहा। यहां दोपहर 12 बजे से चार बजे तक बिजली गायब रही। इससे यहां स्थित दफ्तरों में कामकाज प्रभावित रहा। लाइन में फॉल्ट होने के वजह से यह दिक्कत हुई। यहां एक ही स्थान पर अधिक तारों के जाल के कारण अक्सर फॉल्ट होते रहते हैं। पिछले एक माह में इलाके में आधा दर्जन से अधिक बार चार से पांच घंटे की कटौती हुई है।
खराब मौसम की वजह से कई जगह बिजली काटी गई थी। सिविल लाइन क्षेत्र में लाइन में फॉल्ट हो गया था, उसे कर्मचारी भेजकर ठीक करा दिया गया।
रामबहादुर, जेई सिविल लाइन, डीएचबीवीएन