गुरुग्राम। नए शैक्षणिक सत्र 2021-22 में स्नातक और स्नातकोत्तर के विभिन्न संकायों में खाली बची सीटों पर सोमवार को दाखिला प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उच्चतर शिक्षा विभाग ने स्नातक में दाखिला के लिए 21 नवंबर तक पोर्टल को खोला था, जिसमें नए ऑनलाइन आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को दाखिला लेने का मौका दिया गया है। विद्यार्थी नए आवेदन के साथ ही अपने पुराने आवेदन फार्म में विषयों या महाविद्यालय के विकल्प में बदलाव कर सकते हैं। रविवार रात्रि 12 बजे विभाग द्वारा पोर्टल को बंद कर दिया जाएगा।
सोमवार की सुबह आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को महाविद्यालयों में आकर सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक उपस्थिति दर्ज करानी होगी। इसके बाद जिन विद्यार्थियों का नाम मेरिट सूची में आएगा, उनके मोबाइल पर फीस जमा कराने के लिए लिंक भेजा जाएगा और उनको सोमवार रात्रि 12 बजे तक फीस जमा कराने का समय दिया जाएगा। वहीं, स्नातकोत्तर में एससी और डीएससी वर्ग की खाली सीटों पर दाखिले होंगे, वहीं दाखिला लेने के बाद विद्यार्थी के किसी अन्य कोर्स में नंबर आने से खाली हुई सीट पर भी मेरिट सूची जारी होगी।
राजकीय महाविद्यालय सेक्टर-9 के दाखिला नोडल अधिकारी संजय कत्याल ने बताया कि सोमवार को स्नातक और स्नातकोत्तर में मेरिट सूची जारी की जाएगी। स्नातकोत्तर में डीएससी वर्ग की सीटों को एससी वर्ग में बदला जाएगा, ताकि दाखिला प्रक्रिया पूरी की जा सके। जबकि स्नातक में दाखिला प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत भी कई संकायों में एक-दो सीट विद्यार्थियों द्वारा छोड़ी गई हैं, वहीं एससी वर्ग की कई सीटें खाली हैं।