-लाखों रुपये का सामान जलकर राख, मची अफरा-तफरी
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। शहर के बड़कली चौक स्थित एक दुकान में बुधवार देर शाम अचानक आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक लपटें पूरी दुकान में फैल चुकी थीं।
पीड़ित दुकानदार राकेश कुमार ने बताया कि वह रोजाना की तरह शाम को अपनी किताबों व रेडीमेड गारमेंटस की दुकान बंद कर घर चले गए थे। कुछ समय बाद पड़ोस के एक दुकानदार ने फोन कर उन्हें दुकान से धुआं निकलने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। राकेश कुमार के अनुसार आग की चपेट में आने से दुकान के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। उन्होंने बताया कि इस अग्निकांड में करीब चार लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। दुकान में मौजूद विभिन्न वस्तुएं, फर्नीचर और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह नष्ट हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। हालांकि तब तक काफी नुकसान हो चुका था। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित दुकानदार को उचित सहायता प्रदान करने की मांग की है।