दिवाली सेलिब्रेशन के लिए बाजार गुलजार
गुरुग्राम। दिवाली के सेलिब्रेशन को लेकर शहर के बाजार गिफ्ट आइटम से गुलजार हो चुका है। बेकरी से लेकर मिठाई की दुकानों तक गिफ्ट पैक सज गए हैं। इनमें ड्राई फ्रूट्स व चॉकलेट के साथ फ्रूटी, चिप्स, भुजिया का कॉम्बिनेशन काफी डिमांड में है। ग्राहकों की मांग को देखते हुए 600 से लेकर 1900 रुपये तक की कीमत में ड्राई फ्रूट्स के डिब्बे उपलब्ध हैं। इनमें 600 ग्राम से 1200 ग्राम तक ड्राई फ्रूट्स की मात्रा रखी गई है। वहीं, मिठाइयों में भी इसी तरह से एक ही डिब्बे में कई तरह की मिठाइयों की पैकिंग की जा रही है, जिसको ग्राहकों द्वारा सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है। बड़े खाद्य प्रतिष्ठान तो उच्च गुणवत्ता मानकों का पालन कर रहे हैं, लेकिन छोटे दुकानदारों को गुणवत्ता की कोई परवाह नहीं है। स्थिति यह है कि आदेश के एक माह बाद भी छोटी दुकानों में मिठाइयों की ट्रे पर उनकी एक्सपायरी डेट की स्लिप नहीं लगाई गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग ऐसी दुकानों पर कार्रवाई भी नहीं कर पा रहा है।
विभाग ले रहा रोजाना 5 -10 नमूने
खाद्य सुरक्षा विभाग भी खाद्य सामग्रियों के निरीक्षण के लिए अभियान चला रहा है। इसी क्रम में पिछले शनिवार को पालम विहार इलाके में दुकानों का औचक निरीक्षण करते हुए पांच नमूने लिए गए, जबकि इससे पहले लगातार दो दिन फर्रुखनगर व फिरोजपुर झिरका से नमूने लिए गए थे। इसी तरह रोजाना 5 से 10 नमूने लिए जा रहे हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए चंडीगढ़ स्थित खाद्य सुरक्षा विभाग की लैब में भेजा जा रहा है, जिनकी 15-20 दिन में जांच रिपोर्ट आती है।
20 रुपये में हो रही खाद्य सामग्रियों की जांच
खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मोबाइल लैब की शुरुआत की गई है, जिसके द्वारा दुकानदारों को गुणवत्ता युक्त खाद्य सामग्री के निर्माण व बिक्री के बारे में जागरूक किया जा रहा है। वहीं, लोगों को भी सामग्रियों की गुणवत्ता का खयाल रखते हुए खरीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सिर्फ 20 रुपये देकर मोबाइल लैब से खाद्य सामग्री की जांच कराई जा सकती है। इसके जरिए सामान्य आदमी के साथ ही दुकानदार भी जांच करा सकते हैं।
---------
मिठाइयों के साथ ड्राई फ्रूट का अच्छा कलेक्शन
दिवाली को देखते हुए मिठाइयों के साथ ही ड्राई फ्रूट का भी अच्छा-खासा कलेक्शन है। ग्राहकों की पसंद व मांग के मुताबिक कीमत भी कम ही रखी गई है। मिठाइयों में भी तमाम वैरायटी हैं, जिन्हें ग्राहक काफी पसंद कर रहे हैं।
- हरपाल, विक्रेता, रेवाड़ी स्वीट्स
---------
दिवाली हो या सामान्य दिन हम गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखते हैं। खोये के लिए हम दूसरों पर निर्भर नहीं हैं। दुग्ध उत्पादन की हमारी निजी व्यवस्था है। इसलिए मिलावट खोरी का सवाल ही पैदा नहीं होता। समय-समय पर जांच के लिए नमूने भी दिए जाते हैं और इसमें हम विभाग का सहयोग भी करते हैं।
- विजय, विक्रेता, रेवाड़ी स्वीट्स
दिवाली से पहले होने वाली बंपर बिक्री व लोगों के बेहतर स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए हम व्यापक तौर पर खाद्य सामग्रियों की जांच के लिए अभियान चला रहे हैं। मोबाइल लैब के जरिए भी खाद्य सामग्रियों की जांच की जा रही है। वहीं, मिठाइयों पर उनकी एक्सपायरी डेट की स्लिप चस्पा करने के लिए भी जागरूक कर रहे हैं। जो दुकानदार एक्यपायरी डेट की स्लिप चस्पा नहीं करेंगे, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।
- डॉ. दीपक चौधरी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, गुरुग्राम