नगर निगम आयुक्त ने स्वच्छता वीरो को किया सम्मानित
नंबर गेम - 35 हजार पौधे लगाने वालों का भी किया सम्मान
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। नगर निगम मानेसर की ओर से बुधवार को स्वच्छता अभियान में सहयोग करने वाले नागरिकों, विद्यार्थियों, सफाई मित्रों, रैग पिकर्स, स्कूलों और आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम आईएमटी सेक्टर-2 स्थित एचएसआईआईडीसी ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम का हिस्सा था।
नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह ने कहा कि सिर्फ नगर निगम के प्रयासों से शहर को साफ नहीं रखा जा सकता। इसके लिए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि पिछले तीन महीनों में लोगों और संस्थाओं ने स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। उन्होंने आरडब्ल्यूए से अपील की है कि वे अपनी सोसाइटी, गांव या सेक्टर के आसपास के 100 मीटर क्षेत्र को साफ रखने की जिम्मेदारी लें।
सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीन यादव ने कहा कि स्वच्छ शहर बनाने में आम लोगों की भूमिका भी बहुत महत्वपूर्ण है। आरडब्ल्यूए और स्कूल लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से पॉलीथीन की जगह कपड़े के थैलों का इस्तेमाल करने की अपील की। डिप्टी मेयर रीमा चौहान ने कहा कि सफाई मित्र रोज मेहनत करके शहर को साफ रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। विद्यार्थियों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने से इसका संदेश परिवार और समाज तक पहुंचता है।
कार्यक्रम में चैतन्य स्कूल, शिशु कल्याण स्कूल और कई सरकारी स्कूलों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। नवादा, ढाणा, हरसरू, कासन, नखड़ौला, हयातपुर और नौरंगपुर सहित कई गांवों के लोगों को भी सम्मान मिला। करीब 35 हजार पौधे लगाने वाले सुभाष यादव और सुनील यादव को भी सम्मानित किया गया। रैग पिकर्स को सेफ्टी किट दी गई और खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कार दिए गए।