मोहम्मद झाड़सा गांव की वारदात पति ने धक्का दिया तो दीवार पर लगा सिर, इलाज के दौरान हुई मौत
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पड़ोसी दंपति के झगड़े का शोर सुनकर बीच-बचाव करने गए 35 साल के विनय को पति ने धक्का दे दिया। विनय का सिर दीवार में टकरा गया और चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि सेक्टर-37 थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी राजन को गिरफ्तार कर लिया गया है।
वारदात शुक्रवार 13 नवंबर की रात करीब 10 बजे मोहम्मद झाड़सा गांव की है। मृतक की पत्नी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शुक्रवार रात को पड़ोसी राजन और उसकी पत्नी के बीच विवाद हो रहा था। विनय बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि राजन ने विनय को धक्का दे दिया तो इसके पति का सिर पीछे दीवार से टकरा गया। वहीं, आरोपी से पूछताछ में पता चला कि इसका व इसकी पत्नी के बीच हो रहे झगड़े में पड़ोची विनय कुमार बीच-बचाव करवा रहे थे। पुलिस ने बताया कि शनिवार दोपहर बाद पुलिस ने आरोपी राजन को अदालत में पेश किया। अदालत के आदेश पर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।