अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दिल्ली-रेवाड़ी रेलवे ट्रैक पर पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम मौके पर पहुंची और ट्रेन के इंजन में फंसे शव को कब्जे में लिया। जीआरपी से जांच अधिकारी योगेश ने बताया कि मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। गुड़गांव रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी थाने को सूचना मिली कि चौमा रेलवे फाटक के निकट एक युवक ने रेवाड़ी-दिल्ली पैसेंजर ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या कर ली है। मृतक युवक की उम्र करीब 30 साल है।
मादक पदार्थ उपलब्ध कराने वाला काबू
गुरुग्राम। अपराध शाखा सिकंदरपुर की पुलिस ने मादक पदार्थ उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को बीते सोमवार उत्तर प्रदेश से पकड़ा था। आरोपी की पहचान कानपुर (उत्तर प्रदेश) के विजयीपुर गांव निवासी आदर्श कुमार उर्फ आशीष के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि 20 जुलाई को भीमगढ़ खेड़ी से एक किलो 138 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार हुए आरोपी अखिल पाल को आदर्श कुमार उर्फ आशीष ने ही मादक पदार्थ उपलब्ध कराया था। आगामी कार्रवाई के लिए आराेपी को अदालत में पेश किया जाएगा।