बसई फ्लाईओवर पर निगला जहरीला पदार्थ, खुद ही पहुंचा था अस्पताल
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बसई गांव के पास फ्लाईओवर पर 17 नवंबर की दोपहर को एक युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में युवक खुद ही पास के निजी अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचा। अस्पताल वालों ने युवक के परिवार को सूचना देने के साथ ही उपचार शुरू किया, लेकिन शाम को उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर सेक्टर-9 थाने की पुलिस अस्पताल में पहुंची थी।
मृतक की पहचान अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) के जट्टारी निवासी विजयदीप (28) के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ बसई गांव में किराये पर रहता था। वह एक निजी लैब में नौकरी करता था। सेक्टर-9 थाने की पुलिस के अनुसार, विजयदीप ने 17 नवंबर को दोपहर करीब 2 बजे बसई से धनकोट फ्लाईओवर पर जहरीला पदार्थ निगल लिया। इसके बाद वह खुद ही निजी अस्पताल पहुंचकर उपचार के लिए भर्ती हो गया। उपचार के दौरान शाम करीब 4.30 बजे उसकी मौत हो गई। मृत युवक शादीशुदा था और उसका तीन साल का एक बेटा है। मृत युवक के जीजा ललित कुमार ने पुलिस को बताया कि उनका साला विजयदीप कर्ज को लेकर काफी समय से परेशान रहता था। परिवार ने पहले भी उसके द्वारा लिया हुआ कर्ज चुकाया था, लेकिन इसके बावजूद वह आर्थिक परेशानी से तनाव में था।
बुधवार को मृत युवक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। परिवार वालों के बयान दर्ज किए गए हैं, जिसमें युवक के कर्जे के कारण परेशान रहने की बात सामने आई है। थाने की पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। - संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता