स्तन कैंसर की जांच की मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में जल्द ही मैमोग्राफी मशीन उपलब्ध होगी। मशीन लगाने के लिए अस्पताल में कमरे तैयार किए जा रहे है। कमरा तैयार होते ही मशीन को अस्पताल में आ जाएगी। डॉक्टरों के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में स्तन कैंसर के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। स्तन कैंसर की जांच के लिए निजी केंद्रों पर करीब दो हजार रुपये या इससे अधिक खर्च आता है। अस्पताल में मशीन शुरू होने के बाद महिलाओं को यह जांच मुफ्त में उपलब्ध कराई जाएगी।
जिले के सेक्टर-31 स्थित पॉलीक्लीनिक में मैमोग्राफी की सुविधा उपलब्ध थी, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से मशीन खराब होने के कारण जांच बंद है और मरीजों को जांच के लिए निजी केंद्रों सहारा लेना पड़ता है। फिलहाल एक फाउंडेशन की ओर से नेत्रहीन लड़कियों के माध्यम से महिलाओं की जांच होती है।
सेक्टर-10 के नागरिक अस्पताल के पीएमओ डॉ. नीना ने बताया कि अस्पताल में जल्द मैमोग्राफी मशीन आने वाली है। इससे महिलाओं को जांच के लिए निजी केंद्रों पर अधिक खर्च नहीं करना पड़ेगा। साथ ही, बार-बार बाहर जाकर जांच कराने की परेशानी से भी राहत मिलेगी।