गुरुग्राम। क्राइम ब्रांच के पुलिसकर्मी बनकर शुक्रवार रात लुटेरों ने एक कारोबारी से 3.25 लाख रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद वे फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर शिवाजी नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक हाइवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। इससे वाहन का पता चल सकेगा और अपराधियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
मूल रूप से रेवाड़ी के रहने वाले भीम सेन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह इलेक्ट्रॉनिक्स का कारोबार करते हैं। शुक्रवार तड़के वह अपने जानकार संजय कुमार और विकास से 3.25 लाख रुपये लेकर दिल्ली जा रहे थे। वह गुरुग्राम के राजीव चौक में उतरकर दिल्ली के धौला कुंआ जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे। तभी एक कैब आई, जिसमें सवार चालकों ने धौला कुंआ जाने की बात कही। कैब में पहले से ही चार लोग बैठे हुए थे। कैब सवार युवकों ने भीम सेन को पीछे बीच में बैठा लिया। कुछ दूर दिल्ली की तरफ चलते ही पीछे बैठे युवक ने बोला की वह क्राइम ब्रांच से है। अपने बैग की जांच करवाओ, बैग में गांजा या सुल्फा तो नहीं है। उन्होंने इससे इनकार किया तो बदमाशों ने मारपीट कर 3.25 लाख रुपयों से भरा बैग और मोबाइल लूटकर उन्हें शंकर चौक से आगे छोड़कर फरार हो गए। जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिवाजी नगर थाना पुलिस के साथ ही अपराध शाखा की टीम भी मामले की जांच कर रही है।