गुरुग्राम। सेक्टर-52 में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की भूमि पर श्मशान घाट का निर्माण करने के विरोध में वजीराबाद के ग्रामीणों का धरना राजनीतिक रूप लेने लगा है। शनिवार को धरने में कांग्रेस और जननायक जनता पार्टी के नेताओं ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि इस लड़ाई में वे ग्रामीणों के साथ हैं।
धरने में शनिवार को जजपा के प्रदेश सचिव सूबे सिंह बोहरा, जिलाध्यक्ष ऋषिराज राणा, नरेश कटारिया, सनी कटारिया, दीपक यादव ने शिरकत की। वहीं कांग्रेस के वर्धन यादव, रोहताश बेदी, निहाल धारीवाल, अरुण यादव भी शामिल हुए। दोनों पार्टियों के नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार को ऐसे कार्यों को तत्काल रोक देना चाहिए, जिन पर जनता को आपत्ति है। वजीराबाद गांव के पास बनाए जा रहे श्मशान घाट का भी इलाके की जनता विरोध कर रही है। जजपा नेता सूबे सिंह बोहरा ने कहा कि धरना दे रहे ग्रामीणों की प्रशासन ने सुध नहीं ली है। इस कारण ग्रामीण प्रशासन एवं जनप्रनिधियों को ज्ञापन देने की मुहिम शुरू करेंगे। चेतावनी दी कि जल्द ही श्मशान घाट का निर्माण कार्य बंद नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।