गुरुग्राम। शहर में कैब लूटपाट गैंग एक बार फिर सक्रिय हो गया है। गिरोह ने इस बार एक निजी डॉक्टर को निशाना बनाते हुए कैब में बैठाकर लूटपाट की। गिरोह के सदस्यों ने हथियार कर बल पर डॉक्टर से तीन सोने की अंगूठी व 20 हजार नकदी लूटकर फरार हो गए। डॉक्टर की शिकायत पर सेक्टर-29 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
दिल्ली तिलक नगर निवासी डॉक्टर अश्वनी का राजस्थान अलवर के खैरतल में क्लिनिक है। दो दिन पहले सुबह करीब सवा सात बजे वह दिल्ली से इफ्को चौक पर आकर खैरतल जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी बीच डाक्टर के पास एक कैब आकर रुकी जिसमें चालक के अलावा तीन युवक बैठे हुए थे। डॉक्टर से अलवर की ओर जाने का बोलने पर वह कैब में बैठ गया। कुछ दूर जाने के बाद चालक ने कैब दिल्ली की ओर मोड़ दी। इतने में सवारियां बनकर बैठे युवकों ने डॉक्टर को बंदूक दिखाते हुए हाथ में पहनी तीन सोने की अंगूठी व जेब में रखे 20 हजार नकदी लूटकर एटलस चौक के पास उतारकर फरार हो गए। बृहस्पतिवार को डॉक्टर ने पुलिस में शिकायत दी, जिस पर सेक्टर-29 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि कैब लूट गिरोह के होने की आशंका के मद्देनजर जांच कर रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।