गुरुग्राम में धीरे-धीरे मरीजों की मौत का आंकड़ा बढ़ रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को भी कोरोना संक्रमण से दो मरीजों की मौत हो गई। इसी के साथ मृतकों की संख्या बढ़कर अब 112 हो गई है। शुक्रवार को जिले में कोरोना के 133 नए मरीज सामने आए, जबकि 121 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया। 133 नए मरीजों के आने के बाद अब कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 7483 हो गई है, जिसमें से 6318 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 1053 मरीज उपचाराधीन हैं।
इसमें से 860 मरीज होम आइसोलेट हैं, जबकि 19 मरीज जिला कोविड अस्पताल में भर्ती हैं तो 112 मरीज कोविड हेल्थ सेंटर में उपचाराधीन हैं। वहीं, 62 मरीजों को जिला कोविड केयर सेंटर में भर्ती किया गया है।शुक्रवार को जिले में 2753 लोगों से कोविड-19 की जांच के लिए नमूने लिए गए। इसमें से 2294 नमूने शासकीय लैब में जांच के लिए भेजे गए, जिसमें आरटी-पीसीआर व रैपिड एंटीजन से होने वाली जांच के लिए नमूने शामिल हैं। वहीं, निजी लैब में जांच के लिए 459 नमूने भेजे गए है।
अब जिले में कोविड-19 की जांच कराने वालों की संख्या 74720 हो चुकी है, जिसमें से 64484 की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि 7483 मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। वहीं, 1283 मरीजों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। कोरोना मरीजों की पहचान के लिए अब जिले में 29 जुलाई तक सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें से कोरोना प्रभावित इलाकों में शिविर लगाकर रैपिड एंटीजन किट के जरिए लोगों की जांच की जा रही है।