-नगीना उप तहसील मार्ग पर समस्या, गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था न होने से बढ़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। नगीना के उप तहसील मार्ग पर सड़क निर्माण के बाद भी स्थानीय लोगों को जलभराव की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से टूटा पड़ा यह मार्ग लोगों की मांग पर हाल ही में बनाया गया, जिससे उम्मीद थी कि आवागमन सुगम होगा और बरसात के दिनों में राहत मिलेगी। लेकिन सड़क निर्माण के दौरान पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं किए जाने से समस्या जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग बनने के बाद भी प्रशासन की ओर से नालियों के निर्माण पर ध्यान नहीं दिया गया। नतीजतन घरों से निकलने वाला पानी सड़कों पर ही जमा हो रहा है, जिससे जगह-जगह जलभराव की स्थिति साफ देखी जा सकती है। हालात तब और बिगड़ जाते हैं जब हल्की बारिश भी हो जाती है। हाल ही में हुई बारिश के बाद पूरा उप तहसील मार्ग जलमग्न हो गया, जिससे राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
एक ओर जहां हालिया बारिश से किसान फसलों को लेकर चिंता में हैं, वहीं दूसरी तरफ तहसील रोड पर रहने वाले स्थानीय निवासी भी परेशान हैं। उनका कहना है कि मामूली बारिश में भी सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है। दोपहिया वाहन चालकों को फिसलन का खतरा बना रहता है और कई बार स्कूली बच्चों को भी इसी पानी से होकर गुजरना पड़ता है।
स्थानीय निवासी राहुल सिंगला, राहुल, ओमप्रकाश और सुबोध सहित अन्य लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर कई महत्वपूर्ण सरकारी संस्थान स्थित हैं। यहां उप तहसील कार्यालय, विद्यालय तथा कई गांवों के पटवारियों के कार्यालय होने के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना लगा रहता है। बावजूद इसके सड़क पर जलनिकासी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है। लोगों ने बताया कि यह मार्ग पीडब्ल्यूडी विभाग के अंतर्गत आता है, इसलिए विभाग की जिम्मेदारी बनती है कि सड़क के साथ-साथ नालियों का निर्माण भी कराया जाए। संबंधित अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।