नूंह। खेड़ली कलां गांव में सरकारी राशन वितरण प्रणाली में बड़े स्तर पर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि डिपो होल्डर और उसके सहयोगियों ने करीब 65 गरीब परिवारों का राशन हड़प लिया।
आरोप है कि लाभार्थियों से पीओएस मशीन पर अंगूठा लगवाने के बावजूद उन्हें अनाज नहीं दिया गया, जबकि सरकारी रिकॉर्ड में वितरण पूरा दिखाया जा रहा है। कार्डधारक तौफीक के अनुसार, डिपो होल्डर उमर और उसका सहयोगी कासम पिछले 4-5 महीनों से राशन में धांधली कर रहे हैं। ग्रामीणों को बार-बार चक्कर कटवाए जाते हैं और हर बार अलग-अलग बहाने बनाए जाते हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पहले डिपो की सप्लाई बंद की गई थी, लेकिन कथित तौर पर 3 लाख रुपये लेकर दोबारा चालू कर दी गई। फिलहाल, खाद्य आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि डिपो की सप्लाई फरवरी से बंद है और गांव में समय पर राशन वितरण हो रहा है। संवाद