मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम)-सह-सचिव की ओर से वृद्धाश्रमों का किया जाएगा निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। हरियाणा राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण की ओर से अगस्त महीने में मनाए जाने वाले विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर एक राज्यस्तरीय जन-जागरूकता अभियान सम्मान से जीवन, अधिकार से रक्षा की शुरुआत की है। इस अभियान का उद्देश्य प्रदेशभर में वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना व समाज को उनकी देखभाल और सम्मान के प्रति संवेदनशील बनाना है।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण गुरुग्राम के सचिव रजत वर्मा ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके विधिक अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं के बारे में शिक्षित करना, परिवारजनों और देखभालकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना, समाज में वृद्धजनों के शोषण को रोकना और सरकारी योजनाओं एवं विधिक सहायता सेवाओं का प्रचार-प्रसार करना है। इस अभियान के तहत राज्य के हर जिले में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसमें वरिष्ठ नागरिक दिन के समय सामाजिक सहभागिता के साथ उपयोगी समय बिता सकेंगे और युवा पीढ़ी को मार्गदर्शन भी प्रदान कर सकेंगे।