-लेपर्ड ट्रेल के पास आराम करता नजर आया वन्यजीव, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। गुरुग्राम की अरावली पहाड़ियों में एक बार फिर तेंदुआ दिखाई दिया है। लेपर्ड ट्रेल के पास तेंदुआ आराम करता नजर आया। एक स्थानीय युवक ने इस नजारे को ड्रोन कैमरे में कैद कर लिया। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में तेंदुआ पहाड़ी पर आराम करता दिखाई दे रहा है। अरावली क्षेत्र में पहले भी तेंदुए देखे जा चुके हैं। दोबारा तेंदुआ दिखाई देने से वन्यजीवों की मौजूदगी को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
अरावली में घूमने वाले रहें सतर्क
अरावली की पहाड़ियों में घूमने जाने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। तेंदुआ या कोई अन्य जंगली जानवर दिखाई देने पर उसके पास जाने, उसे घेरने या परेशान करने से बचना चाहिए। इससे इंसानों और वन्यजीवों, दोनों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। ड्रोन से वीडियो बनाते समय भी ध्यान रखना जरूरी है कि उसकी आवाज या नजदीकी उड़ान से वन्यजीव परेशान न हों। लोगों को जंगल के आसपास सतर्क रहने और वन्यजीव दिखने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी जाती है।