नूंह। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने नूंह जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। जिले में व्यापक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं, स्वास्थ्य कर्मचारियों की संख्या में निरंतर वृद्धि की गई है और सर्प-विषरोधी (एएसवी) सहित सभी आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
स्वास्थ्य मंत्री ने हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान एक प्रश्न के उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 अगस्त 2025 तक नूंह जिले के सभी प्रमुख अस्पतालों में एएसवी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध था, जिसके तहत सिविल अस्पताल मांडीखेड़ा में 29 शीशी, सीएचसी फिरोजपुर झिरका में 21 शीशी, पीएचसी बीवां में 21 शीशी, पीएचसी नगीना में 21 शीशी, पीएचसी मरोड़ा में 21 शीशी, सीएचसी पुन्हाना में 27 शीशी आदि शामिल हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधित कार्य अगले दो से तीन महीनों में पूरे हो जाने की उम्मीद है। संवाद