उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने दिए सख्त निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने शुक्रवार को मानेसर नगर निगम कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में एनएचएआई, एचएसआईआईडीसी, एचएसवीपी, डीएचबीवीएन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और नगर निगम के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई और सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान मंत्री ने नगर निगम मानेसर की ओर से लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत से किए जा रहे 10 विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया। इनमें सड़कों का निर्माण, सीवर और पानी की लाइन, नालों का निर्माण और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े काम शामिल हैं।
बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर निगम क्षेत्र में सरकारी जमीन, तालाब (जोहड़) और गांवों के मुख्य रास्तों को अगले दो महीने में अतिक्रमण मुक्त किया जाए। उन्होंने कहा कि जोहड़ों का जीर्णोद्धार कर उन्हें एसटीपी के ट्रीटेड पानी से भरा जाए, ताकि भूजल स्तर को सुधारा जा सके।
इसके अलावा एचएसवीपी को निर्देश दिए गए कि मानेसर क्षेत्र की सोसाइटियों के लिए अलग से श्मशान घाट के लिए जमीन चिन्हित की जाए। अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर-85 में इसके लिए जमीन पहले ही चिन्हित कर ली गई है।
नगर निगम अधिकारियों ने जानकारी दी कि कई गांवों में नहरी पानी की व्यवस्था की जा रही है और कुछ गांवों में ट्यूबवैल और एसटीपी का काम भी चल रहा है। आने वाले समय में कई गांवों को बेहतर जल आपूर्ति और सीवर सुविधा मिलेगी।
बैठक में सफाई व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, स्मार्ट सड़कें, ईवी चार्जिंग प्वाइंट और अन्य आधुनिक सुविधाओं पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि घरों से कूड़ा उठाने का काम एजेंसी के जरिए किया जा रहा है और इसकी ऑनलाइन मॉनिटरिंग भी हो रही है। मंत्री ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही न हो और काम समय पर पूरे किए जाएं।