संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले के एमपीआरसी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए क्रिकेट मुकाबले में एसके क्रिकेट अकादमी ने एनसीआर क्रिकेट अकादमी को आठ विकेट से हरा दिया। एनसीआर अकादमी की ओर से दिए गए 233 रन के लक्ष्य को एसके क्रिकेट एकेडमी ने 30.2 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी एनसीआर क्रिकेट अकादमी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान अंजन ने 16 और चिराग यादव ने 15 रन बनाए। इसके बाद पार्थ डोगरा ने 61 रन की उपयोगी पारी खेली। गुरु राठी ने 51 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूती दी। एनसीआर अकादमी ने निर्धारित 40 ओवर में नौ विकेट खोकर 232 रन बनाए। एसके अकादमी की ओर से सचिन ने दो और हर्ष प्रमोद राज ने दो विकेट लिए। एसएन मणियाकाश, अमरित और पप्पू यादव को एक-एक विकेट मिला।
233 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसके अकादमी ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। सलामी बल्लेबाज लविश सैनी ने मात्र 80 गेंदों पर 142 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। दूसरे छोर से अनुराग ने 54 रन की नाबाद पारी खेली। एसके अकादमी ने 30.2 ओवर में दो विकेट खोकर 234 रन बनाते हुए आठ विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। एनसीआर अकादमी की ओर से भारत भारद्वाज ने दो विकेट हासिल किए। लविश सैनी की विस्फोटक पारी के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।