गुरुग्राम। सुशांत लोक थाना क्षेत्र के सेक्टर-43 निवासी रिटायर्ड डिप्टी कमिश्नर के घर से चोर, लाखों रुपये की नकदी, जेवर और डॉलर चोरी करके ले गए। घटना के दौरान पीड़ित परिवार राजस्थान में शादी समारोह में शामिल होने गया था। खिड़की का शीशा निकालकर चोर घर में घुसे और घंटना को अंजाम दिया। पीड़ित परिजनों की ओर से सुशांत लोक थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, हेमवती श्योराण सेक्टर-43 गुरुग्राम में रहती हैं। उनके पति महिपाल सिंह रिटायर्ड डिप्टी कमिश्नर हैं। उन्होंने बताया कि तीन दिसंबर को वह परिवार के साथ राजस्थान में शादी समारोह में शामिल होने के लिए चली गईं थीं। इस दौरान उनके घर में ताला बंद था। नौ दिसंबर को जब वह राजस्थान से लौट रही थीं तो उनकी घरेलू सहायिका ने कॉल कर घर में चोरी होने की जानकारी दी। पीड़िता ने रास्ते से ही पुलिस को कॉल किया। पीड़ित मौके पर पहुंचीं तो घर में सामान बिखरा हुआ था। घर में रखे 1200 डॉलर, तीन लाख 70 हजार रुपये, सोने चांदी के जेवर आदि गायब थे। पीड़ित ने सुशांत लोक थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जांच अधिकारी का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। चोरों की तलाश की जा रही है।