तीन दिवसीय फरीदाबाद-झज्जर क्षेत्रीय युवा महोत्सव का हुआ समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सरस्वती महिला महाविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय फरीदाबाद-झज्जर क्षेत्रीय युवा महोत्सव का बुधवार को समापन हो गया। तीन दिनों तक चले इस महोत्सव में फरीदाबाद, पलवल और झज्जर जिलों के 38 महाविद्यालयों के करीब एक हजार छात्र-छात्राओं ने कुल 45 प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जोनल यूथ फेस्टिवल में फरीदाबाद का केएल मेहता दयानंद कॉलेज ओवरऑल चैंपियन बना। वहीं, अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ को रनरअप का खिताब मिला।
युवा महोत्सव में इस बार स्मार्ट सिटी फरीदाबाद के कॉलेजों का दबदबा देखने को मिला। सबसे अधिक खिताब केएल मेहता दयानंद महिला महाविद्यालय ने अपने नाम किए। सुबह के सत्र में दिल्ली विश्वविद्यालय के विधि संकाय की प्रोफेसर डॉ. वागेश्वरी देशवाल मुख्य अतिथि रहीं, जबकि एमडीयू रोहतक के युवा कल्याण विभाग के पूर्व निदेशक डॉ. जगबीर राठी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समापन समारोह में जिला एवं सत्र न्यायाधीश एमएस पवार मुख्य अतिथि और सीजेएम पलवल कोर्ट हरीश गोयल विशिष्ट अतिथि रहे। महोत्सव के अंतिम दिन चार मंचों पर कव्वाली, समूह लोक नृत्य, हरियाणवी समूह गीत, अंग्रेजी एवं हिंदी वाग्मिता, प्रश्नोत्तरी, फोटोग्राफी और रंगोली जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
वन एक्ट प्ले में अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ प्रथम
जोनल युवा महोत्सव में महिला एकल नृत्य में केएल मेहता दयानंद महिला कॉलेज प्रथम, सरस्वती महिला महाविद्यालय द्वितीय और अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ तृतीय रहा। वन एक्ट प्ले में प्रथम अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़, द्वितीय पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय महाविद्यालय रहा। वहीं, स्लोगन राइटिंग में राजकीय महाविद्यालय भैंडोली गुजरान, सैनिक, अध्यापक, अभिभावक के लिए गीत प्रतियोगिता में केएल मेहता दयानंद महिला महाविद्यालय, अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ और जीजीडीएसडी कॉलेज पलवल क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहा। आर्केस्ट्रा में केएल मेहता दयानंद महिला कॉलेज पहले, अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ दूसरे स्थन पर रहा। वहीं लाइट म्यूजिक स्वर में केएल मेहता दयानंद कॉलेज ने पहला, राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर-16ए फरीदाबाद द्वितीय और पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय महाविद्यालय तृतीय रहा। इसी तरह वेस्टर्न इंस्ट्रूमेंट सोलो में प्रथम केएल मेहता दयानंद कॉलेज, द्वितीय पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय कॉलेज और तृतीय सरस्वती इंस्टिट्यूट ऑफ लॉ कॉलेज पलवल रहा। कविता पाठ (हरियाणवी) में प्रथम वैश्य आर्य शिक्षण महिला महाविद्यालय बहादुरगढ़, द्वितीय राजकीय महाविद्यालय दुबल्धन, तृतीय स्टेट इंस्टिट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडीज इन टीचर एजुकेशन झज्जर रहा।
समूह हरियाणवी गीत में भी केएल मेहता प्रथम, राजकीय महिला महाविद्यालय सोहना द्वितीय स्थान पर रहा
समूह हरियाणवी गीत में प्रथम केएल मेहता दयानंद कॉलेज, द्वितीय राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर-16ए और तृतीय राजकीय महाविद्यालय मोहना रहा। ग्रुप सॉन्ग वेस्टर्न में केएल मेहता दयानंद कॉलेज ने पहला, अग्रवाल कॉलेज दूसरा स्थान हासिल किया। कविता पाठ पंजाबी में श्रीमती सुषमा स्वराज राजकीय कन्या महाविद्यालय बल्लभगढ़ प्रथम, राजकीय स्नातकोत्तरी महाविद्यालय झज्जर द्वितीय और केएल मेहता दयानंद कॉलेज तृतीय रहा। इसी प्रकार अंग्रेजी वाद विवाद पक्ष में अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ ने पहला, केएल मेहता दयानंद कॉलेज ने दूसरा और पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय महाविद्यालय तीसरा स्थान हासिल किया।