मरोड़ा समेत जिले में बनेंगे 25 वालीबॉल स्टेडियम
नगीना। उपायुक्त व अन्य अधिकारियों ने मंगलवार की रात नगीना के मरोड़ा गांव में आयोजित रात्रि ठहराव में ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ कई जानकारियों भी साझी कीं। अधिकारयों ने बताया कि जल्द ही प्रशासन की तरफ से जिले में खेल माहकुंभ आयोजित किया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप सिंह मलिक ने बताया कि इसमें क्रिकेट, वॉलीबॉल, दौड़ और कुश्ती आदि खेलों का आयोजन किया जाएगा।
खेल महाकुंभ में पूरे जिले की प्रत्येक पंचायत से एक टीम की एंट्री ली जाएगी। जिले में 325 पंचायत हैं, इसलिए 325 टीमों की एंट्री खेल महाकुंभ में की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरे जिले में 25 वालीबॉल स्टेडियम के ग्राउंड पास किए गए हैं, जिनमें से एक वॉलीबॉल ग्राउंड गांव मरोड़ा में भी बनाया जाएगा। यदि गांव मरोड़ा की ग्राम पंचायत जमीन उपलब्ध करवाती है तो यहां पर एक क्रिकेट ग्राउंड भी प्रशासन द्वारा तैयार करवाया जाएगा। इससे पहले गांव में पहुंचने पर सरपंच मुश्ताक व पूर्व सरपंच इलियास ने उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक सहित सभी अधिकारियों का स्वागत किया। इस अवसर पर उपमंडल फिरोजपुर झिरका की एसडीएम डा. चिनार चहल, डीएसपी अजायब सिंह, उप निदेशक कृषि विरेंद्र सिंह आर्य, सिविल सर्जन डा. सर्वजीत सिंह, पंचायती राज के एक्सईएन योगेश शर्मा, बीईओ गीता आर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।