संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-45 स्थित यूरो इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा कशिश मलिक ने सीबीएसई नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। कशिश की यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे गुरुग्राम के लिए गर्व का विषय है।
इस चैंपियनशिप के दौरान कशिश ने दमदार खेल दिखाते हुए अपने विरोधियों को पछाड़ा और विजयी मुक्केबाज के रूप में उभरीं। उनकी जीत उनके कठिन परिश्रम, अनुशासित प्रशिक्षण और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। विद्यालय की प्रधानाचार्या अर्चना सिंह ने इस गौरवपूर्ण क्षण पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि कशिश ने अपनी मेहनत और संघर्ष से यह स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया है। उनकी यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। हम आशा करते हैं कि कशिश आत्मविश्वास और लगन के साथ राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई ऊंचाइयां हासिल करें। विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों ने भी कशिश को उनकी इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।