संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। उद्यमिता पखवाड़ा में सेक्टर-9 स्थित महाविद्यालय के बीजेएमसी अंतिम वर्ष के छात्र कपिल कौशिक ने आइडिया प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। यह प्रतियोगिता उच्च शिक्षा विभाग की ओर से सेक्टर-14 स्थित आईटीआई में आयोजित की गई थी।
कपिल ने 'तेरा भाई है ना' नामक एक स्टडी-बडी प्लेटफॉर्म का विचार प्रस्तुत किया, जिसका उद्देश्य छात्रों को शैक्षणिक संसाधनों की सुविधा देना और पीयर-टू-पीयर लर्निंग को प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता में कुल 99 प्रतिभागियों ने भाग लिया था, जिनमें से कपिल का विचार सर्वश्रेष्ठ चुना गया। इस उपलब्धि के लिए कपिल को 3,100 रुपये की नकद राशि से सम्मानित किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य और उद्यमिता और प्लेसमेंट प्रकोष्ठ ने कपिल को बधाई दी और कहा कि यह पहल छात्रों में उद्यमशील सोच विकसित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।