संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। करवाचौथ का पर्व को लेकर पुन्हाना कस्बे के बाजारों में रौनक लौट आई है। गुरुवार को दिनभर बाजारों में महिलाओं की जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। सुहागिनों ने अपने पति की लंबी उम्र की कामना के इस पर्व के लिए साज-सज्जा की वस्तुओं, पूजन सामग्री, साड़ी, चूड़ियां, बिंदी, मेहंदी और शृंगार का सामान खरीदा।
बाजारों में मेहंदी लगाने वालों की दुकानों पर महिलाओं की लंबी कतारें लगी रहीं। वहीं सौंदर्य प्रसाधन और कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ के कारण दुकानदारों के चेहरे खिल उठे। बाजार के दुकानदारों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से सुस्ती छाई हुई थी, लेकिन करवाचौथ के त्योहार ने बाजार में फिर से रौनक भर दी है।
शहर की मुख्य बाजार, काशी चौक सहित गांवों में खरीदारी का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। दुकानदारों ने भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए खास छूट और ऑफर लगाए। कई महिलाओं ने बताया कि वे दिनभर खरीददारी में व्यस्त रहीं ताकि करवाचौथ की पूजा के लिए हर सामान समय पर तैयार हो सकें।
करवाचौथ का व्रत शुक्रवार को रखा जाएगा। महिलाएं दिनभर निर्जला व्रत रखकर शाम को चांद के दर्शन के बाद पति की दीर्घायु की कामना के साथ व्रत खोलेंगी। त्योहार को लेकर क्षेत्र भर में उल्लास और पारंपरिक उमंग का माहौल देखने को मिल रहा है।