हादसे में दो कांवड़िये गंभीर रूप से घायल, हरिद्वार से बालेश्वर धाम डाक कांवड़ लेकर जा रहे थे
रामपुरा फ्लाईओवर के पास हुआ हादसा, लगाया जाम, डंपर चालक गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरिद्वार से डाक कांवड़ लेकर बालेश्वर धाम (राजस्थान) जा रहे तीन कांवड़ियों को दिल्ली-जयपुर हाईवे पर रामपुरा फ्लाईओवर के पास डंपर ने बुधवार तड़के करीब तीन बजे टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक कांवड़िये की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे से आक्रोशित कांवड़ियों ने हाईवे को करीब तीन घंटे जाम रखा। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
बहरोड राजस्थान से कांवड़ियों का एक जत्था डांक कांवड़ लेकर हरिद्वार से 28 जुलाई को चला था। मंगलवार की रात करीब तीन बजे खेड़कीदौला थाना क्षेत्र के रामपुरा फ्लाइओवर के पास जत्था पहुंचा। कांवड़िया राजू मीणा ने बताया कि जत्थे में करीब 70 लोग शामिल थे और आगे-पीछे चल रहे थे। उन्होंने बताया कि फ्लाईओवर के पास अभिषेक मीणा, योगेश व हेमंत मीणा जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे से सर्विस लेन पर आ रहे डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में हेमंत मीणा निवासी पानेडा जिला कोटपूतली (राजस्थान) की मौत हो गई। दो अन्य को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कांवड़ियों के मुताबिक, डंपर मिट्टी से भरा था और ओवरलोड था। उन्होंने चालक के नशे में होने का भी आरोप लगाया।
हाईवे पर लगाया जाम, मुआवजे की मांग
हादसे से आक्रोशित कांवड़ियों ने दिल्ली-जयुपर हाईवे पर तड़के तीन बजे जाम लगा दिया। इससे दिल्ली से जयुपर और जयपुर से दिल्ली की ओर वाहनों के पहिए थम गए। जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस व डीसीपी मानेसर दीपक मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम खुलावाया। कांवड़ियों ने आरोप लगाया कि गुरुग्राम पुलिस ने कांवड़ियों के लिए कोई विशेष प्रबंध नहीं किए, इसी वजह से हादसा हुआ। खानापूर्ति के लिए कहीं-कहीं रस्सी हाइवे किनारे बांधी हुई है। ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों से हादसा होने का डर बना रहता है। लोगों की मांग है कि पीड़ित परिवार को 50 लाख और एक सदस्य को सरकारी नौकरी, घायलों का निशुल्क उपचार और मुआवजा दिया जाए। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद डंपर चालक फरार हो गया था
खेड़कीदौला थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया था। डीसीपी मानेसर दीपक घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें गठित की गईं। खेड़कीदौला थाना पुलिस टीम ने एसीपी मानेसर के निर्देशानुसार कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रक चालक को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चालक की पहचान कुलदीप निवासी गांव बादसहापुरा जिला आगरा के रूप में हुई है। पुलिस ने डंपर को भी जब्त कर लिया है।