- पीड़िता की शिकायत पर पटौदी थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो गुरुग्राम। पटौदी थाना क्षेत्र के लोकरी गांव में अज्ञात लोगों ने भारतीय सेना में तैनात जवान के बंद घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये कीमत के गहने और करीब 17 हजार रुपये नकदी चोरी कर ली। सैनिक की मां शीला की शिकायत पर पुलिस ने छह अक्तूबर को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
लोकरी निवासी शीला ने पुलिस को बताया कि उनका छोटा बेटा सुनील भारतीय सेना में है और पिछले तीन साल से बैंगलोर में तैनात है। वह परिवार के साथ वहीं रहता है। पांच अक्तूबर की शाम वह अपने छोटे बेटे के घर पर ताला लगाकर बड़े बेटे के घर चली गई थीं। छह अक्तूबर सुबह करीब 9:30 बजे वापस लौटीं तो मुख्य गेट समेत घर के अन्य दरवाजों के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो दो संदूकों और सूटकेस के ताले भी टूटे हुए थे। उनमें रखे सोने के कड़े, मंगलसूत्र, चेन, टॉप्स, अंगूठी समेत सोने-चांदी के अन्य गहने गायब थे। इसके अलावा 17 हजार रुपये नकदी भी चोरी मिली। सूचना पर पटौदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
विज्ञापन
कोट- मामले की जांच कर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। - रविंद्र, जांच अधिकारी, पटौदी थाना