मानेसर। नगर निगम मानेसर की मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर यादव ने शुक्रवार को सेक्टर-84 में गुड़गांव वन, स्पेज, दिवान पिवेटल, द कोरलवुड और एसएस अल्मिरिया सोसाइटियों को जोड़ने वाले रास्ते पर आईपीबी टाइल्स लगाने के काम का शुभारंभ नारियल फोड़कर किया।
इस रास्ते के दोनों किनारों पर टाइल्स लगने से पहले यह कच्चा था, जिससे धूल और बरसात के मौसम में कीचड़ की समस्या रहती थी। सोसाइटियों के निवासियों ने मेयर का धन्यवाद करते हुए कहा कि अब उन्हें जनहित के काम करवाने के लिए बार-बार निगम कार्यालय नहीं जाना पड़ता। मेयर के पदभार संभालने के बाद किसी भी काम के लिए सिर्फ सूचित करना काफी है और तय समय में काम पूरा कर दिया जाता है। मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर यादव ने कहा कि लोग जिन्होंने उनका साथ दिया, उन्होंने उन्हें यह मुकाम दिया। अब उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। नगर निगम के कामों के लिए उनके घर और कार्यालय के दरवाजे 24 घंटे खुले हैं। संवाद