स्वास्थ्य विभाग ने सरकारी और निजी अस्पतालों के लिए एडवाइजरी जारी की
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। दिल्ली में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिले में स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। विभाग की ओर से जिले के सरकारी और निजी अस्पतालों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। इसमें सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल, पॉलीक्लीनिक, सभी स्वास्थ्य केंद्रों और निजी अस्पतालों को स्वाइन फ्लू से बचाव और मरीजों के उपचार के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य जिले में संक्रमण के समय रहते रोकना और मरीजों को उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में पीपीटी किट, मास्क, जरूरी दवाइयां और अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधा का स्टॉक रखने को कहा है। विभाग की ओर से लोगों से भी अपील की गई है कि फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और चिकित्सकीय सलाह लें।
डॉ जयप्रकाश ने बताया कि फ्लू के मरीजों की पहचान और उपचार के दौरान संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतने का भी निर्देश दिए गए हैं। मरीजों के संपर्क में आने वाले कर्मचारियों को मास्क और अन्य सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल करने के लिए कहा गया है।