सभी 8 जोन में वाहनों की संख्या का किया गया सत्यापन
टेंडर शर्तों का उल्लंघन करने वाली एजेंसियों पर होगी सख्त कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर में घर-घर से कचरा संग्रहण व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को नगर निगम ने सभी 8 जोन में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए संचालित वाहनों की वास्तविक संख्या का सत्यापन करने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया। घर-घर से कूड़ा उठाने की समस्या की खबर दो दिन पहले प्रमुखता से प्रकाशित की गई थी।
इस विशेष अभियान के तहत प्रत्येक जोन में संयुक्त आयुक्तों एवं संबंधित पार्षदों को निरीक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर टेंडर के तहत निर्धारित वाहनों की उपलब्धता की जांच की तथा संबंधित एजेंसियों द्वारा अनुबंध की शर्तों के अनुपालन का निरीक्षण किया।
इसी क्रम में गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा ने स्वयं ताऊ देवीलाल स्टेडियम पहुंचकर जोन-6 में संचालित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ निगम पार्षद परमिंदर कटारिया, आशीष गुप्ता एवं रुचि गगनदीप, एसएसआई ऋषि मलिक तथा संबंधित वार्डों के एएसआई भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान वाहनों की संख्या, उनकी कार्यशील स्थिति तथा एजेंसी द्वारा उपलब्ध कराए गए संसाधनों का भौतिक सत्यापन किया गया। मेयर ने संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे टेंडर की सभी शर्तों का पूर्णतः पालन करते हुए निर्धारित संख्या में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि शहर के प्रत्येक घर से समयबद्ध एवं नियमित रूप से कचरे का संग्रहण किया जा सके।
मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था शहर की स्वच्छता का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। प्रत्येक एजेंसी को अनुबंध की शर्तों के अनुसार संसाधन उपलब्ध कराने होंगे। नगर निगम का उद्देश्य केवल निगरानी करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक नागरिक को समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वच्छता सेवाएं मिलें। नियमों की अनदेखी करने वाली किसी भी एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों के सहयोग से ही स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ गुरुग्राम का सपना साकार होगा।