गिरफ्तार किए गए आरोपी के खाते में गए थे एक लाख रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। निवेश के नाम पर मुनाफे का लालच देकर ठगी करने वाले गिरोह को बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार हुए आरोपी की पहचान राजस्थान के जिला अजमेर निवासी रोहित सोनी के रूप में हुई है। आरोपी को साइबर पुलिस ने राजस्थान के जोधपुर से गिरफ्तार किया है।
पीड़ित ने इसी साल 13 जनवरी को साइबर अपराध पश्चिम थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उनसे टेलीग्राम पर एक महिला ने पार्ट-टाइम कार्य और निवेश कर मुनाफा कमाने का लालच देकर 13.69 लाख रुपये की ठगी कर ली थी।
सहायक पुलिस आयुक्त साइबर अपराध गौरव फोगाट ने बताया कि आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि ठगी गई राशि में से एक लाख रुपये रोहित सोनी के बैंक खाते में गए थे। उसने अपना बैंक खाता 20 हजार रुपये में बेच दिया था। उसे आश्वासन दिया गया था कि उसके खाते में आने वाली प्रत्येक राशि पर दो प्रतिशत का कमीशन दिया जागएा। इस मामले में पुलिस अब दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।