फिरोजपुर झिरका। बड़े गांव अगोन के सैनी समाज ने एसडीएम से शराब का ठेका बंद कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इससे समाज के बच्चों पर बुरा असर पड़ रहा है। वहीं, यहां चोरी की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर यह जल्द नहीं हटाया गया तो गांव के लोग दिल्ली अलवर रोड को जाम करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। लोगों ने बताया कि ठेका बंद कराने के लिए एसडीएम फिरोजपुर झिरका से लेकर उप-आबकारी एवं कराधान उपायुक्त रोजका मेव तक से मांग की जा चुकी है।
शिकायतकर्ता घनश्याम सैनी, रमन सैनी, कुंदनलाल सैनी, विजयपाल, चतर सैनी, बृजमोहन समाजसेवी, रामस्वरूप व अगोन गांव के सरपंच नासिर हुसैन, पंचायत समिति सदस्य रणबीर शर्मा ने शिकायत में बताया कि गांव के बिल्कुल करीब स्थित शराब का ठेका गांव के नौजवान बच्चों को अपनी चपेट में ले रहा है, जिसकी वजह से आए दिन लड़ाई-झगड़े होते हैं।
नशे की लत के कारण गांव में आए दिन चोरी की वारदातें बढ़ रही है, अभी 5-6 दिन पहले भी गांव के 6 ट्यूबवेलों पर लगे बिजली के ट्रांसफार्मरों का तेल चोरी होने की घटना सामने आई है।
एसडीएम फिरोजपुर झिरका लक्ष्मी नारायण ने बताया कि ग्रामीणों की तरफ से शराब के ठेके व कच्ची शराब बेचे जाने की शिकायत मिल गई है। आगामी कार्रवाई के लिए उप-आबकारी एवं कराधान उपायुक्त रोजका मेव को पत्र लिखा जा चुका है, जल्द ही इस पर कार्रवाई होगी।