गुरुग्राम। अपराध शाखा सेक्टर 17 की टीम ने उत्तर प्रदेश के सदाबाद हाथरस में अवैध असलाह बनाने की फैक्टरी पकड़ी है। इस मामले में पुलिस ने मास्टरमाइंड और एक असलाह सप्लाई करने वाले को गिरफ्तार किया है। ताला बनाने की आड़ में यह फैक्टरी चलाई जा रही थी। पकड़े गए एक सप्लायर को रिमांड पर लेकर पुलिस मास्टरमाइंड तक पहुंची। जिसके बाद यह फैक्टरी पकड़ी गई। पुलिस ने मौके से एक तमंचा, कुछ अध बने हथियार, हथियार बनाने वाले औजार भी बरामद किए हैं। पुलिस अन्य सप्लायरों की तलाश कर रही है।
एसीपी क्राइम प्रीतपाल सांगवान ने बताया कि 19 मार्च को सेक्टर 17 अपराध शाखा की टीम ने 25 तमंचे के साथ अभिषेक उर्फ गब्बर निवासी अलीगढ़ को गिरफ्तार किया था। पुलिस उसे रिमांड पर लेकर मास्टरमाइंड की तलाश कर रही थी। 21 मार्च को पुलिस ने मास्टरमाइंड अभिषेक उर्फ जीतू निवासी गांव नंगला बिहारी हाथरस उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया। रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर 23 मार्च को सदाबाद हाथरस उत्तर प्रदेश में छापा मारकर अवैध हथियार बनाने की फैक्टरी पकड़ी है। फैक्टरी से पुलिस ने 1 वैल्डिंग मशीन, 1 ड्रिल मशीन,1 ग्राइंडर, 31 तैयार बैरल, 15 तैयार बॉडी कवच, 20 हथौड़े, 10 बेलचा स्प्रिंग, 40 लॉक स्प्रिंग, 15 पिन स्प्रिंग, 22 बैरल पाइप, 2 हथौड़ी, समेत अन्य सामान बरामद किया। मास्टरमाइंड के खिलाफ लूट, डकैती, पुलिस मुठभेड़, अवैध हथियार व गैंगस्टर एक्ट के करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं। इसमें वह जेल जा चुका है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष-2018 में वह लूट के मामले में अलीगढ़ जेल में बंद था। इस दौरान उसकी मुलाकात जेल में बंद एक अन्य अपराधी से हो गई। जब दोनों जेल से बाहर आए तो अलीगढ़ से हथियार खरीदकर यह हथियार सप्लाई करने लगा। उसी से हथियार बनाना सीखा। एसीपी प्रीतपाल सांगवान ने बताया कि 25 मार्च को पुलिस ने हथियार खरीदने वाले एक आरोपी सुनील निवासी इग्लास को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। सुनील दस प्रतिशत कमीशन लेकर हथियार सप्लाई करता था। पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।
छह माह से किराए पर कमरा लेकर चला रहा था अवैध फैक्टरी
पूछताछ में मास्टरमाइंड ने पुलिस को बताया कि पिछले करीब 6 महीने से सदाबाद हाथरस, उत्तर-प्रदेश में एक कमरा किराए पर लिया हुआ था। ताले बनाने के लिए किराए पर लिए इस कमरे में वह अवैध हथियार बनाने का काम करता था। एक दिन में एक तमंचा बनाता था और वह उसे तीन से चार हजार रुपये में बेचता था। अपने साथियों को कमीशन देकर हथियार सप्लाई करने के लिए भेजता था। एसीपी ने बताया कि पुलिस सप्लाई करने वाले अन्य लोगों की तलाश कर रही है। यह भी जानकारी जुटाई जा रही है कि गुरुग्राम में तमंचा किसे सप्लाई करने आया था।