निगम क्षेत्र में 30 से अधिक अवैध आरएमसी प्लांट चिन्हित किए गए
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। नगर निगम मानेसर ने शनिवार को अवैध निर्माण और बिना अनुमति के चल रहे प्रतिष्ठान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। निगम की टीम ने नौरंगपुर रोड पर बने एक अवैध आरएमसी (रेडी मिक्स कंक्रीट) प्लांट को बुलडोजर से गिरा दिया। यह प्लांट बिना अनुमति के चलाया जा रहा था।
नगर निगम के डीटीपी राजेंद्र शर्मा ने बताया कि एसबीजे आरएमसी प्लांट करीब चार एकड़ जमीन पर बना हुआ था। जांच में पता चला कि इसे चलाने के लिए जरूरी सरकारी अनुमति नहीं ली गई थी। इसलिए निगम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए प्लांट को हटा दिया।
उन्होंने बताया कि निगम क्षेत्र में ऐसे 30 से अधिक अवैध आरएमसी प्लांट चिन्हित किए जा चुके हैं। आने वाले दिनों में इन सभी के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में अवैध निर्माण और बिना अनुमति चल रहे प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
डीटीपी ने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह का निर्माण या व्यवसाय शुरू करने से पहले संबंधित विभाग से आवश्यक अनुमति जरूर लें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई निगम के डीटीपी राजेंद्र शर्मा के नेतृत्व में की गई। अभियान के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट एसडीओ शशिकांत, जेई देवेंद्र कुमार, दिपेश और मनदीप सहित निगम की टीम और स्थानीय पुलिस थाने की मदद से कार्रवाई को शांतिपूर्ण तरीके से किया गया।