फिरोजपुर झिरका। फिरोजपुर झिरका में यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। एसडीएम लक्ष्मी नारायण की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अवैध रूप से संचालित ढाबों, रेस्टोरेंट और पार्किंग स्थलों के खिलाफ अभियान चलाया गया।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में पुलिस और बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब एक दर्जन से अधिक अवैध कट और अतिक्रमण को हटाया। जांच में सामने आया कि कुछ लोगों ने सरकारी बाउंड्री वॉल तोड़कर अवैध रास्ते बना लिए थे, जिससे हादसों का खतरा बढ़ रहा था। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। साथ ही शहर के प्रमुख चौकों और मार्गों पर रेहड़ी-पटरी से हो रहे अतिक्रमण को हटाने और पॉलिथीन उपयोग पर भी सख्ती के निर्देश दिए गए हैं। संवाद