सड़क के साथ सर्विस रोड, फुटपाथ और ड्रेन का होगा निर्माण
योजना पर करीब 7.72 करोड़ रुपये खर्च करेगा जीएमडीए
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। न्यू गुरुग्राम के सेक्टर-114 की आउटर मास्टर रोड का जल्द जीर्णोद्धार किया जाएगा। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) सड़क सुधार योजना पर 7.72 करोड़ खर्च करेगा। इस योजना के तहत मुख्य सड़क के साथ सर्विस रोड, फुटपाथ और ड्रेनेज व्यवस्था का निर्माण कराया जाएगा।
यह सड़क कापसहेड़ा-नजफगढ़ रोड से जुड़ी हुई है और द्वारका एक्सप्रेसवे के समानांतर चलती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क की मौजूदा स्थिति काफी खराब हो चुकी है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान यहां जलभराव की समस्या गंभीर हो जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए सड़क के दोनों ओर ड्रेन निर्माण की योजना बनाई गई है। योजना के तहत सड़क को मजबूत बनाने के साथ पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए फुटपाथ भी विकसित किए जाएंगे। वहीं सर्विस रोड के निर्माण से स्थानीय यातायात को मुख्य सड़क से अलग किया जा सकेगा, जिससे जाम की समस्या कम होगी और यातायात अधिक सुगम बनेगा। जीएमडीए इस योजना पर करीब 7.72 करोड़ रुपये खर्च करेगा। परियोजना को आठ महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत लगभग 750 मीटर लंबे मुख्य कैरिजवे का उन्नयन किया जाएगा। सड़क के जीर्णोद्धार से सेक्टर-114 और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
सेक्टर-114 आउट मास्टर रोड दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर तेजी से विकसित हो रहा प्रमुख कमर्शियल हब है। यह कापसहेड़ा-नजफगढ़ रोड से जुड़ा है, जो द्वारका एक्सप्रेसवे के समानांतर स्थित है। क्षेत्र में कई बिल्डर परियोजनाएं भी विकसित की जा रही हैं। जीएमडीए के मुख्य अभियंता हेमंत कुमार ने बताया कि सेक्टर-114 आउटर मास्टर रोड के उन्नयन और उससे संबंधित अन्य कार्यों के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण का प्रयास है कि जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। स्थानीय निवासी मनोज कुमार ने कहा कि सेक्टर 114 की रोड बनने से वाहन चालकों को काफी राहत मिलेगी।