शहर में अनियंत्रित होर्डिंग्स और अतिक्रमण से बढ़ीं लोगों की मुश्किलें
संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहपुर। शहर में अनियंत्रित रूप से लगाए जा रहे होर्डिंग्स और लगातार बढ़ते अतिक्रमण की वजह से लोग परेशान हैं। प्रमुख मार्गों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर लगे अवैध होर्डिंग्स न केवल शहर की सुंदरता बिगाड़ रहे हैं बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी खतरा बन चुके हैं। कई जगह तो ट्रैफिक और गाइडलाइंस बोर्ड के ऊपर ही विज्ञापन चिपका दिए गए हैं। वहीं फुटपाथ पर दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों के अतिक्रमण की वजह से पैदल चलना दूभर हो गया है। सेक्टर 65 से 49 की तरफ जाते हुए कई खंभों पर लगे ये होर्डिंग्स की वजह से आंधी और बरसात के दौरान स्थिति और भयावह हो जाती है।
बिजली के खंभों, एलिवेटेड रोड के पिलर और साइन बोर्ड पर अवैध पोस्टर लगाना कानूनन अपराध होना चाहिए। प्रशासन को केवल कागजी चेतावनी देने के बजाय जमीन पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। -श्रेव्ता
सड़कों और चौराहों पर लगे ये चमकीले होर्डिंग्स वाहन चालकों का ध्यान भटकाते हैं जिससे हादसे बढ़ रहे हैं। फुटपाथ पर अतिक्रमण की वजह से पैदल यात्रियों के ऊपर होर्डिंग्स गिरने का खतरा बना रहता है। -आरके जायसवाल