अभी तक दो हजार नागरिक आवागमन की सुविधा के लिए कर चुके हैं फोन
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिला निर्वाचन अधिकारी व उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने कहा कि किसी वरिष्ठ नागरिक या दिव्यांग मतदाता को बूथ तक आने-जाने के लिए वाहन की सुविधा चाहिए तो वह 1950 नंबर डायल कर इस सेवा का लाभ उठा सकता है। जिला प्रशासन ने मतदाताओं की सुविधा का ध्यान रखते हुए यह कदम उठाया है। अभी तक करीब दो हजार नागरिक आवागमन की सुविधा के लिए फोन कर चुके हैं।
उपायुक्त ने शुक्रवार को राजकीय कन्या महाविद्यालय परिसर में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि जिला प्रशासन ने हर एक बूथ पर मतदाताओं के लिए मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाई हैं। जिले में महिलाओं के लिए चार पिंक बूथ, नौजवानों के लिए चार यूथ बूथ, दिव्यांगों के लिए चार पीडब्ल्यूडी बूथ और आम नागरिकों के लिए चार विशेष मॉडल बूथ स्थापित किए हैं। शनिवार को जिले के मतदाता अपने बाकी काम छोड़कर सबसे पहले वोट डालने के लिए बूथ पर जाएं और लोकतंत्र के इस पावन यज्ञ में अपनी आहुति अर्पित करें। उन्होंने बताया कि जिला के कुछ शहरी मतदान केंद्रों पर इस बार महिला कर्मचारियों को भी नियुक्त किया गया है। जिससे कि महिलाएं अधिक से अधिक संख्या में आकर वोट करें।
शांतिपूर्ण मतदान के लिए 19 क्यूआरटी टीमें गठित
निशांत कुमार यादव ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए 85 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 37 जोनल मजिस्ट्रेट व एचसीएस व आईएएस स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में 19 क्यूआरटी टीमें गठित की गई हैं। मतदान प्रक्रिया में किसी प्रकार की कहीं कोई अड़चन आती हैं तो ये टीमें एक्शन के लिए तैयार रहेंगी। हर सेक्टर मजिस्ट्रेट को एक ईवीएम दी गई है, जिससे कि कोई ईवीएम खराब हो जाए तो उसे तुरंत बदला जा सके। मतदान प्रक्रिया पर निगरानी रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे तथा वेब कैमरे पोलिंग बूथ पर लगाए गए हैं। वेबकास्ट कैमरों को देखने के लिए 45 कर्मियों की टीम सचिवालय परिसर में बनाए गए कंट्रोल रूम में मौजूद रहेगी।
हर एक बूथ पर एक पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई
डीसी ने बताया कि हीट वेव को देखते हुए हर एक बूथ पर एक पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा बूथ पर ओआरएस के पैकेट रखवाए गए हैं। जिला में 12 एंबुलेंस आकस्मिक स्वास्थ्य सेवा के लिए तैनात रहेंगी। लोकसभा चुनाव में करीब सात हजार कर्मचारी ड्यूटी कर रहे हैं। पर्दानशीं महिला वोटरों की पहचान करने के लिए 520 मतदान केंद्रों पर आंगनबाड़ी वर्करों की ड्यूटी लगाई गई है। मतदान केंद्रों के आसपास दो सौ मीटर के दायरे में धारा 144 लागू रहेगी। मतदान के बाद अपने अभिभावकों के साथ फोटो खींच कर सीईओहरियाणा.जीओवी.इन वेबसाइट पर अपलोड करने वाले बच्चों को ड्राॅ निकाल कर पुरस्कार दिए जाएंगे।
राजकीय कन्या महाविद्यालय परिसर में निशांत कुमार यादव व पुलिस कमिश्रर विकास अरोड़ा ने मतदान की तैयारियों के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर डीसीपी विरेंद्र विज, डीसीपी मयंक गुप्ता व एसडीएम दर्शन यादव आदि अधिकारी मौजूद रहे।