गुरुग्राम। नए गुरुग्राम के सेक्टर-67 स्थित आइरियो विक्ट्री वैली में आग लगने की घटना हुई तो स्थानीय निवासियों का बचना मुश्किल होगा। बिल्डर को सोसाइटी के फायर फाइटिंग सिस्टम दुरुस्त कराने को कई बार कहा गया है, लेकिन वह कार्रवाई नहीं कर रहा। जून के पहले सप्ताह में दमकल के वरिष्ठ अधिकारी सोसाइटी का मुआयना करने भी आए थे, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
स्थानीय निवासी विनय, श्वेता ने बताया कि बिल्डर ने सोसाइटी के लिए अस्थायी फायर एनओसी ली हुई है। सोसाइटी के फायर फाइटिंग सिस्टम ठप पड़े हैं। इमरजेंसी गेट भी खराब हैं। फायर फाइटिंग से जुड़े उपकरण भी ठप पड़े हुए हैं। इन्हें ठीक करवाने के लिए उन्होंने कई बार बिल्डर को शिकायत दी, लेकिन बिल्डर कार्रवाई नहीं कर रहा। पिछले दिनों उन्होंने दमकल विभाग को शिकायत दी। शिकायत पर जांच के लिए तत्कालीन वरिष्ठ दमकल अधिकारी मौके पर आए, लेकिन कार्रवाई नहीं की। एक बार फिर उन्होंने इसकी शिकायत दमकल अधिकारी समेत मंडलायुक्त व जिला उपायुक्त को देकर कार्रवाई की मांग की है।