सोहना। गांव खेडला पहुंचे सोहना विधायक संजय सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 184वां रैंक लाने वाले परीक्षित खटाना को बधाई देकर प्रोत्साहित किया। सर्वजातीय समाज की तरफ से उन्हें बुके देकर मिठाई खिलाई। विधायक ने कहा कि गांव की माटी में पलकर बड़े हुए परीक्षित ने अपनी मेहनत के दम पर आईएएस बनकर अपने अभिभावकों और समाज का नाम रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि खुशी की बात यह है कि पूरे सोहना ब्लॉक के साथ-साथ साइबर सिटी जिले में परीक्षित खटाना इकलौते आईएएस अधिकारी बने है, जो सर्वजातीय समाज के लिए गौरव की बात है। जब कोई किसी बड़े मुकाम को हासिल करता है तो वो बाकी सभी युवाओं के लिए भी प्रेरणा स्रोत बन जाता है। परीक्षित 4 साल से वह इसकी तैयारी में जुटे थे। परीक्षित का कहना है कि उनकी पोस्टिंग कहीं भी हो वे सोशल जस्टिस और समाज में समानता को लेकर कार्य करेंगे। उनका फेसबुक अकाउंट है, वह भी उन्होंने मंगलवार को रिजल्ट आने के बाद कई सालों बाद दोबारा इस्तेमाल किया।
उन्होंने खुद पढ़ाई कर यह मुकाम हासिल किया है। पिता कर्मराज पेशे से अधिवक्ता हैं और मां मुकेश खटाना गृहिणी हैं। परीक्षित ने 2016 में दिल्ली यूनिवर्सिटी के हिंदू कॉलेज से अपनी ग्रेजुएशन पूरी की। रोजाना 8 से 10 घंटे पढ़ाई के लिए निकालते थे। न किसी समारोह में जाते थे न ही लोगों से मिलना-जुलना था। पढ़ाई करते-करते थक जाते थे, तो कविता लिखकर अपना शौक पूरा कर लिया करते थे। इस मौके पर मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन प्ेमपाल उर्फ बल्ला खटाना ने कहा कि खुशी की बात है कि गुर्जर समाज के युवा शिक्षा के प्रति जागरूक हो गए है।
इस मौके पर अग्रवाल सभा के पूर्व प्रधान राजकुमार गोयल, गौरव सिंगला, विष्णु अग्रवाल, लायंस क्लब के पूर्व प्रधान कंवरसेन गुप्ता, राजपूत महासभा के पूर्व जिलाध्यक्ष बाबू जतनबीर राघव, निजी सहायक मुकेश राघव व देवीलाल, व्यापार मंडल संघ उपाध्यक्ष रोहित गर्ग, संजीव गुप्ता सर्राफ समेत अन्य मौजूद रहे।