गुरुग्राम। अहीर रेजिमेंट की मांग कर रहे लोगों ने रविवार को अधिकार रैली निकाली। इस दौरान युवाओं ने बाइक व अन्य वाहन से सड़क पर घंटों हुड़दंग किया। जिससे लंबा जाम लग गया। जिससे भीषण गर्मी में लोग परेशान हो गए। हुड़दंग करने वालों ने एक युवती के कार का शीशा भी तोड़ दिया। जिसमें शिवाजी नगर थाना पुलिस अज्ञात के खिलाफ अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रदर्शनकारी राजीव चौक पर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने की मांग कर रहे थे। प्रशासन की ओर से एसडीएम अंकिता चौधरी ने ज्ञापन लिया। उधर रैली के चलते सुबह 11 बजे से लेकर शाम सवा चार बजे तक इफको चौक से लेकर खेड़कीदौला टोल तक ट्रैफिक बंद रहा। ट्रैफिक पुलिस ने पहले से डायवर्जन तय कर रखा था, जिसके आधार पर ही ट्रैफिक को निकाला गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार अहीर रेजिमेंट की मांग को लेकर खेड़की दौला टोल पर लोगों द्वारा करीब 90 दिनों से प्रदर्शन किया जा रहा है। ऐसे में रविवार को सरकार पर दबाव बनाने के लिए अधिकार रैली निकाली गई। रैली खेड़की दौला टोल से ईफको चौक तक निकाली गई। इस दौरान काफी संख्या में लोग बाइक, कार आदि से ईफको चौक तक पहुंचे। वहां पहुंचकर वह जिला उपायुक्त व अन्य संबंधित विभाग को ज्ञापन सौंपते, लेकिन दिल्ली-जयपुर हाईवे पर इनकी यात्रा देखते ही देखते हुड़दंग यात्रा में बदल गई। बीच हाईवे बाइक सवार व युवा हुड़दंग करने लगे। इससे धीरे-धीरे लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों के अनुसार यह जाम पांच किलोमीटर से भी लंबा था। इस दौरान लोगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ीं। भीषण गर्मी में जाम से कइयों की तबियत बिगड़ने लगी। लोग भूख-प्यास से परेशान होकर, स्थानीय लोगों से खाना-पानी तक मांगते नजर आए।
पुलिस की भी नहीं सुन रहे थे हुड़दंगी
हाईवे पर जाम की सूचना पाते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस के अधिकारियों ने रैली निकाल रहे लोगों से बात की। उन्हें समझाने की कोशिश की। पुलिस ने हुड़दंग नहीं करने सलाह दी और उनका वीडियो बनाने लगी। इस पर हुड़दंगी और भड़क गए और चेतावनी देने लगे कि इससे स्थिति और बिगड़ जाएगी। युवा हुड़दंग तेज कर देंगे।
एक्सप्रेस वे पर दिखा रहे थे स्टंट
खेड़कीदौला टोल से निकलने के बाद नरसिंह पुर के पास एक्सप्रेस-वे की खाली सड़क पर युवा अपनी कार से स्टंट दिखा रहे थे। इस दौरान एक कार रेलिंग से भी टकरा गई। हुड़दंग मचाने वाले युवा किसी की भी नहीं सुन रहे थे। जाम में फंसे लोगों को रोक रहे थे। बस के सामने खड़े होकर प्रदर्शन कर रहे थे।
युवती की कार का शीशा तोड़ा
आई-20 कार से एक महिला डीएलएफ फेस तीन जा रही थी। उसने शिवाजी नगर थाना पुलिस को बताया कि प्रदर्शन कर रहे कुछ अज्ञात लोग उसकी कार के सामने आ गए। आरोपियों ने उसकी कार का शीशा तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी हाईवे यशवंत यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने भीड़ को तितर-बितर किया। शिवाजी नगर थाना पुलिस ने युवती के बयान पर अज्ञात के खिलाफ अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। इसके साथ ही एक ट्रक का शीशा तोड़ने का मामला सामने आया है।
वर्जन
डीसीपी ट्रैफिक ने अपनी पूरी टीम के काम की सराहना की है। उनको बेहतर ड्यूटी के लिए बधाई भी दी। सवा पांच घंटे तक डायवर्जन कर ट्रैफिक निकाला गया। युवती की कार का शीशा तोड़ने व हुड़दंगई करने वालों की पहचान करने का पुलिस प्रयास कर रही है। मामले की जांच की जा रही है।
आर एस तोमर, डीसीपी ट्रैफिक, गुरुग्राम।