श्नपत्रों पर क्यूआर कोड, अल्फा न्यूमेरिक नंबर और हिडन सिक्योरिटी फीचर लगेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा एचटेट-2025 को इस बार पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए शिक्षा बोर्ड ने कड़े इंतजाम करने का फैसला लिया है। परीक्षा के दौरान नकल और पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रश्नपत्रों पर क्यूआर कोड, अल्फा न्यूमेरिक नंबर और हिडन सिक्योरिटी फीचर लगाए जाएंगे। इससे अगर किसी परीक्षा केंद्र से प्रश्नपत्र बाहर आता है तो उसकी जानकारी तुरंत बोर्ड मुख्यालय तक पहुंच जाएगी।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि एचटेट परीक्षा 13 और 14 जून 2026 को आयोजित होगी। परीक्षा दो सत्रों में करवाई जाएगी। सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और सायंकालीन सत्र दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक रहेगा। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर हाई सिक्योरिटी कैमरे और जैमर लगाए जाएंगे ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक गतिविधि या अनुचित साधनों के प्रयोग को रोका जा सके।
बोर्ड की ओर से परीक्षा की निगरानी के लिए विशेष टीमें भी गठित की जाएंगी। बोर्ड अध्यक्ष के अनुसार परीक्षा से जुड़ा सूचना बुलेटिन जल्द ही बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया जाएगा, जिससे अभ्यर्थियों को आवेदन और परीक्षा संबंधी पूरी जानकारी मिल सकेगी।